-विधायक दोगने ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा म.प्र. के मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री एवं प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग को पत्र प्रेषित कर हरदा संभागीय मुख्यालय पर ही जले एवं खराब विद्युत ट्रांसफार्मरों की मरम्मत की स्थाई व्यवस्था कराये जाने की मांग की गई है। हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित किए गए पत्र में लेख किया गया है कि वर्तमान में हरदा जिले में दो विद्युत सम्भाग एवं 10 वितरण केंद्र संचालित हैं, जिनके जले एवं खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत इटारसी स्थित स्टोर में की जाती है। किसानों के खेतों से खराब ट्रांसफार्मर ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा हरदा लाए जाते हैं, फिर इटारसी भेजे जाते हैं तथा मरम्मत के बाद पुन: हरदा लाकर वितरण केंद्रों तक पहुंचाए जाते हैं। इस प्रक्रिया में 15 से 20 दिन का समय लग जाता है। कई बार 6-7 ट्रांसफार्मर एकत्रित होने के बाद ही इटारसी भेजे जाते हैं, जिससे किसानों को लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति से वंचित रहना पड़ता है और उनकी सिंचाई एवं फसलें प्रभावित होती हैं। वहीं विद्युत कंपनी को बार-बार परिवहन पर अनावश्यक वित्तीय भार उठाना पड़ता है। विधायक दोगने ने मांग की है कि हरदा सम्भागीय मुख्यालय पर पृथक ट्रांसफार्मर मरम्मत की स्थाई व्यवस्था करने की तत्काल स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक बजट, तकनीकी कर्मचारी एवं उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा हरदा जिले के दोनों विद्युत सम्भागों एवं सभी 10 वितरण केंद्रों के जले एवं खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत हरदा में ही सुनिश्चित की जाए। हरदा सम्भागीय मुख्यालय पर पृथक ट्रांसफार्मर मरम्मत की स्थाई व्यवस्था करने हेतु समय-सीमा निर्धारित कर शीघ्र कार्यवाही की जावे, ताकि किसानों को 15-20 दिनों की प्रतीक्षा से मुक्ति मिले और विद्युत कंपनी का अनावश्यक परिवहन व्यय भी समाप्त हो।







