Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

टिमरनी में भेड़-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा

3 min read
29 6

-तीन आरोपी गिरफ्तार, पिकअप और नकदी जब्त
-सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
-30 भेड़-बकरियों की तलाश जारी

अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र में भेड़-बकरी चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन और चोरी की रकम में मिले हिस्से की नकदी जब्त की है। हालांकि, चोरी गई भेड़-बकरियों की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, पहली घटना 17 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम पोखरनी में हुई थी। यहां राजस्थान के जालोर जिले के निवासी लुम्बाराम उर्फ लाबूराम के डेरे से चोर 8 बकरियां और 22 भेड़ें चोरी कर ले गए थे। इस मामले में 19 अक्टूबर को टिमरनी थाने में अपराध क्रमांक 596/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। वहीं दूसरी घटना में 9 अक्टूबर को ग्राम पोखरनी में खेत पर डेरा डालकर भेड़ पालन कर रहे राजस्थान निवासी रुपाराम की 35 भेड़ें चोरी हो गई थीं। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने 24 अक्टूबर को अपराध क्रमांक 605/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
दोनों मामलों की जांच के लिए टिमरनी पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ साइबर सेल हरदा की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान समरथ पिता भेरूलाल मालवीय (40), निवासी हाट पीपलिया, जिला रतलाम को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गणेश उर्फ कैलाश पिता रामनिवास खटीक (26) और महेश पिता भंवरलाल भोई (20), दोनों निवासी हाट पीपलिया, जिला रतलाम को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से एक घटना में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन और चोरी की रकम में मिले हिस्से की नकदी जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
30 भेड़-बकरियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, पहली घटना में चोरी गई 8 बकरियों और 22 भेड़ों सहित कुल 30 मवेशियों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही दोनों मामलों में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी टिमरनी दीपा डोडवे, थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक दिनेश शेखावत, प्रधान आरक्षक विजय उईके, राहुल वर्मा, आरक्षक पिंटू उईके, शैलेन्द्र राजपूत, अर्जुन तथा साइबर आरक्षक लोकेश, प्रतीक एवं सूरज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply