
-पंज प्यारों और पालकी साहिब के दर्शन कर श्रद्धालु हुए निहाल
अनोखा तीर, हरदा। सिख धर्म के प्रथम गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (नानक जयंती) के पावन अवसर पर रविवार को हरदा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में सिख समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर नानक देव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन में सुसज्जित पालकी साहिब आकर्षण का केंद्र रही। पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बैंड की मधुर धुनों और गुरुवाणी के कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर कीर्तन के दौरान सेवा, समर्पण और धार्मिक एकता की भावना देखने को मिली। नानक देव की शिक्षाओं को याद करते हुए श्रद्धालुओं ने उनके बताए सत्य, प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता की सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
24 नवंबर को होगा विशाल लंगर
नानक जयंती के उपलक्ष्य में 24 नवंबर को विशाल लंगर का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं से शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है। लंगर की परंपरा नानक देव के समानता, सेवा और बिना किसी भेदभाव के सभी को एक साथ बैठकर भोजन कराने के संदेश का प्रतीक है। नगर कीर्तन के आयोजन से हरदा शहर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।






