
-जूठन न छोड़ने के लिए भी जागरूक किया
-तांबे व स्टील के लोटों से घंटों की जलसेवा
अनोखा तीर, हरदा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्यरत कोशिश पर्यावरण सेवक टीम ने भागवत कथा के दौरान जनजागरूकता अभियान चलाया। पूरे कथा परिसर को न केवल सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखा बल्कि लोगों को नि:शुल्क कपड़े की थैलियां भी वितरित की। कथा में प्रसादी वितरण के दौरान जूठन न छोड़ने का भी आह्वान किया। साथ स्टाल लगाकर कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को तांबे और स्टील के लोटों से जलपान कराया गया। टीम के मप्र प्रभारी नीमगांव निवासी शांतिलाल सारन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण विद् खमुराम विश्नोई जोधपुर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। हंडिया में रविवार को भागवत कथा का समापन किया गया, जहां पर्यावरणसेवकों ने घंटों अपनी सेवाएं दी। जोगा से आए कृष्णचंद्र पांडेय ने भी अपनी सेवाएं दी और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। टीम प्रभारी सारन ने बताया कि धार्मिक आयोजन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कथा स्थल पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने कथा में शामिल होने आए श्रद्धालुओं को प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और उन्हें कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत टीम के सदस्यों ने कथा पांडाल और प्रसादी वितरण स्थल पर मौजूद लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि डिस्पोजल गिलास, प्लेट और पालीथीन न केवल पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं, बल्कि बेजुबान पशुओं और मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा हैं।
श्रद्धालुओं को शपथ दिलाई
आयोजकों से प्रसादी वितरण में पत्तल-दोने या स्टील के बर्तनों का उपयोग करने का आग्रह किया गया। कचरा प्रबंधन और स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन के उपयोग पर जोर दिया गया। टीम प्रभारी सारन ने कहा कि धर्म हमें प्रकृति की रक्षा करना सिखाता है, इसलिए धार्मिक आयोजनों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत होना सबसे सार्थक पहल है। कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं और आयोजक मंडल ने टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ भी दिलाई गई।






