अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की साधना एवं पांच पीढ़ियों के सतत पुरुषार्थ से प्रेरित होकर आयोजित होने जा रहे तरुणोदय भारत – युवा पथ संचलन के निमित्त नगर में गणमान्य नागरिक बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति में भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर नर्मदापुरम विभाग के विभाग प्रचारक नरेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि आगामी 22 नवंबर रविवार को दोपहर 3.30 बजे वीर सावरकर स्टेडियम, हरदा से विशाल युवा पथ संचलन प्रारंभ होगा। इस आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्य भारत प्रांत के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक नरेंद्र यादव ने कहा कि आज भारत का युवा देश को स्वर्णिम भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। युवा शक्ति में अपार सामर्थ्य, ऊर्जा और सृजनशीलता है। आवश्यकता है कि इस शक्ति को राष्ट्रहित, समाजहित और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में संगठित किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ राष्ट्रविरोधी शक्तियां देश के बाहर से भारत को कमजोर करने के प्रयास करती हैं, ऐसे समय में युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना का जागरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ युवाओं में राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत कर उनके चरित्र निर्माण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का कार्य करता है। चरित्रवान, संगठित एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित युवा ही समर्थ भारत के निर्माण की वास्तविक शक्ति हैं। इसी दृष्टि से तरुणोदय भारत केवल एक पथ संचलन नहीं, बल्कि युवा शक्ति के जागरण, संगठन और राष्ट्र के परम वैभव के संकल्प का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यादव ने कहा कि हरदा की तरुणाई इस आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागी बनेगी और भारत को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने का संकल्प लेकर भारत माता को पुन: विश्वगुरु के सिंहासन पर आरूढ़ करने के लिए अपना योगदान देने का प्रण लेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें।
युवाओं के संपर्क और जनजागरण का अभियान तेज
तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन को लेकर नगर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर युवा संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न मोहल्लों में बैठकों, घर-घर संपर्क एवं व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से युवाओं को कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही युवाओं के लिए गणवेश की व्यवस्था एवं विक्रय का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 नवंबर, गुरुवार को सायं 5 बजे महारानी लक्ष्मीबाई खेल परिसर (मिडिल स्कूल मैदान), हरदा से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। वाहन रैली के माध्यम से नगर के युवाओं में आयोजन के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा अधिक से अधिक युवाओं से वाहन रैली एवं आगामी युवा पथ संचलन में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।
तरुणोदय भारत में युवा लेंगे भारत के परम वैभव का संकल्प







