Skip to content
Friday, 20 November 2026
हरदा

अंतिम छोर तक पानी और किसानों को निर्धारित समय पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश

2 min read
29 4

-ई-टोकन से सुगमता से उर्वरक मिले, अमानक बीज विक्रेताओं पर हो कार्रवाई – सीईओ जिपं

अनोखा तीर, हरदा। जिले में किसान संगठनों के साथ आयोजित की जा रही नियमित बैठकों के क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और उर्वरक उपलब्धता सहित कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।  सीईओ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रबी सिंचाई सीजन में बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए। किसानों को निर्धारित समय तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत लाइनों एवं उपकरणों के रखरखाव के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित न हो। नहरों से सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि टेल एरिया यानी नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके। नहरों में व्यर्थ बह रहे पानी को बोरी बंधान से रोका जाए।
ई-टोकन और उर्वरक उपलब्धता की दी जानकारी
बैठक में उप संचालक कृषि ने ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया तथा जिले में उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसानों को आ रही समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीईओ भार्गव ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-टोकन पोर्टल पर किसानों को आ रही समस्याओं का जल्दी से जल्दी निराकरण किया जाए। साथ ही जिन दुकानदार के बीजों के सैम्पल अमानक पाए गए हैं उनके ऊपर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष महेश शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा रोहित जाट, राष्ट्रीय किसान मोर्चा प्रांत मंत्री रामनिवास खोरे, रामभरोस मुंडेल, रामराजा सिंह, दिनेश लेगा व दिलीप गौर सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply