– विद्युत विकास की ऐतिहासिक हैट्रिक
अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग के दूरदर्शी विजन एवं सतत प्रयासों से हरदा जिले ने विद्युत अधोसंरचना के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आज हरदा जिले में तीन 33/11 केवी उपकेंद्र आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन के साथ विद्युत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इस गौरवपूर्ण यात्रा की शुरुआत कृषि उपज मंडी हरदा में प्रदेश के स्काडा सबस्टेशन के निर्माण से हुई थी। यह सबस्टेशन आज भी हरदा के लगभग आधे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके बाद खामापड़वा और अब भीमपुरा (चारूवा) में आईएसओ प्रमाणित सबस्टेशनों का निर्माण पूर्ण होना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। महाप्रबंधक मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने बताया कि हरदा जिले के तीन गौरवपूर्ण आईएसओ सबस्टेशनों में कृषि उपज मंडी, हरदा – आधुनिक स्काडा सबस्टेशन, खामापड़वा – द्वितीय आईएसओ प्रमाणित सबस्टेशन तथा भीमपुरा (चारूवा) – तृतीय आईएसओ प्रमाणित सबस्टेशन शामिल है। इन तीनों उपकेंद्रों के निर्माण में हरदा के ठेकेदार एवं विद्युत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की गई।
भीमपुरा से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र को बड़ी सौगात
भीमपुरा 33/11 केवी उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से 18 ग्रामीण एवं आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के लगभग 2,145 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है। इस उपकेंद्र के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति तथा किसानों को सिंचाई के लिए 10 घंटे सतत बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिली है। एक ही जिले में तीन आईएसओ प्रमाणित विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण और आधुनिक स्काडा तकनीक के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करना हरदा जिले की विशिष्ट उपलब्धि है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।







