अनोखा तीर, हरदा। न्याय उत्सव अंतर्गत 19 नवंबर को वार्ड 17 स्थित दूध डेयरी के आंगनबाड़ी केंद्र 35 में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों को उनके कानूनी अधिकारों, नि:शुल्क विधिक सहायता और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी तथा प्राधिकरण के सचिव सुरेश कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर आयोजित शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ दुबे के मार्गदर्शन में पैरालीगल वॉलिंटियर्स रेखा विश्नोई, ज्योति राजपूत एवं पैनल अधिवक्ता विजय कोठारी और रीना तिवारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा, संपत्ति एवं श्रमिक अधिकारों के साथ जन लोक अदालत की जानकारी दी गई। साथ ही आधार, राशन कार्ड, पेंशन और आयुष्मान योजना के बारे में बताया गया। लोगों को कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इस पर संपर्क करने की अपील की गई।
दूध डेयरी क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित







