अनोखा तीर, हरदा। सनातन धर्म में देवउठनी ग्यारस का विशेष महत्व है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाए जाने वाले इस पर्व पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा के बाद जागृत होते हैं। इस संबंध में हरदा के पंडित मुरलीधर व्यास ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु पाताल लोक के स्वामी राजा बलि को दिए गए वचन के कारण चार माह के लिए पाताल लोक चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है और इस दौरान मांगलिक कार्यों पर विराम रहता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु के जागृत होने के साथ देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जाता है।
पूजन के लिए ये रहेंगे शुभ मुहूर्त
पंडित मुरलीधर व्यास ने बताया कि देव प्रबोधिनी एकादशी पर सायंकाल 4 : 30 बजे से 6 बजे तक चर मुहूर्त तथा रात्रि 9 बजे से 10 : 30 बजे तक लाभ मुहूर्त रहेगा। श्रद्धालु इन शुभ समयों में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान कर सकेंगे। इस बार देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धालुओं के लिए विशेष रहेगा, क्योंकि भगवान विष्णु के जागरण के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।
देवउठनी एकादशी आज, तुलसी सालिग्राम विवाह से शुरु होंगे मांगलिक कार्य







