Skip to content
Friday, 20 November 2026
हरदा

तवा बांध से पानी छोड़े 20 दिन बीते, अंतिम छोर के गांवों तक नहीं पहुंचा पानी

2 min read

-500 किसान कर रहे इंतजार, बोवनी में देरी की आशंका
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में तवा बांध से नहरों में पानी छोड़े करीब 20 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक पानी अंतिम छोर के गांवों तक नहीं पहुंचा है। किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पाए हैं। पानी नहीं मिलने से खेत सूखे हैं और रबी फसलों की बोवनी में देरी होने की आशंका है। हरदा उपनहर से जुड़े उड़ा और छोटी हरदा गांवों के करीब 500 किसान पानी का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि विभाग ने पहले टेल क्षेत्र के किसानों को प्राथमिकता से पानी देने की बात कही थी, लेकिन अब अंतिम छोर के किसानों को ही परेशानी हो रही है। सिंचाई में देरी से बोवनी और फसल के उत्पादन पर असर पड़ सकता है। किसान विनोद खोरे ने बताया कि समय पर पानी नहीं मिलने के कारण वे गेहूं की जगह चने की बोवनी करने पर विचार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि नहर के बीच के बड़े किसान पानी रोक लेते हैं। इस वजह से अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता।
विभाग बोला- पलेवा पूरा होने में 30 दिन लगेंगे
जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेयी ने कहा कि उड़ा अंतिम छोर का गांव है। इसलिए वहां पानी पहुंचने में समय लगता है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में पलेवा पूरा होने में करीब 30 दिन लगते हैं। विभाग के मुताबिक, 25 से 30 नवंबर तक सभी किसानों का पलेवा पूरा हो जाएगा।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply