अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मिर्जापुर के पास जंगल में गुरुवार को 22 वर्षीय महिला का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। शव करीब तीन से चार दिन पुराना था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि गुरुवार दोपहर पुलिस को जंगल में पेड़ से लटके महिला के शव की सूचना मिली थी। महिला की पहचान रहटगांव थाना क्षेत्र के फुलड़ी गांव की शिवानी, पत्नी राकेश चौहान के रूप में हुई। शिवानी की शादी राकेश से 2019 में हुई थी। वह 13 नवंबर को पति से मायके जाने की बात कहकर निकली थी। अपना मोबाइल ससुराल में छोड़ गई थी। जब वह मायके नहीं पहुंची, तो उसकी तलाश शुरू की गई। खेत पर गए एक व्यक्ति ने गुरुवार को शव पेड़ से लटका देखा। पुलिस को सूचना दी। महिला के गले में उसके दुपट्टे का फंदा था। पुलिस मौत की जांच कर रही है। मायके पक्ष के लोगों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया।
जंगल में बबूल के पेड़ से लटका मिला महिला का शव







