Skip to content
Friday, 20 November 2026
हरदा

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाले युवक को 7 साल की कैद

2 min read
34

अनोखा तीर, हरदा। शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के मामले में हरदा की सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपी नईम खान (28 वर्ष), निवासी नई आबादी खेड़ापुरा, हरदा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत दोषी करार देते हुए 7 वर्ष के कठोर कारावास और 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपी को ३ माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे के रिश्तेदार थे और उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने निकाह करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप के मुताबिक, 6 अप्रैल 2025 और 1 मई 2025 को आरोपी ने पीड़िता को निकाह का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध स्थापित किए। बाद में आरोपी ने निकाह करने से इनकार कर दिया। इस संबंध में पीड़िता ने 6 फरवरी 2026 को हरदा महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच की और आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता, उसकी मां, पुलिस अधिकारियों और चिकित्सकों सहित अन्य गवाहों के बयान प्रस्तुत किए गए। वहीं आरोपी ने अपने बचाव में आरोपों को गलत बताते हुए खुद को निर्दोष बताया। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलों और उपलब्ध मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद पाया कि आरोपी ने शुरुआत से ही निकाह करने का इरादा नहीं होने के बावजूद निकाह का झूठा वादा कर पीड़िता की सहमति प्राप्त की और उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए।
पीड़िता को 25 हजार रुपए प्रतिकर देने का आदेश
सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए आरोपी नईम खान को धारा 69 के तहत 7 वर्ष के कठोर कारावास और 2 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। इसके साथ ही पीड़िता को मध्यप्रदेश अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत 25 हजार रुपए की प्रतिकर राशि दिए जाने का आदेश भी पारित किया। न्यायालय ने आरोपी का सजा वारंट तैयार कर उसे सजा भुगतने के लिए जिला जेल हरदा भेजने के निर्देश दिए हैं।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply