-मिठाई और 20 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हुए चोर
अनोखा तीर, हरदा। शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर मुख्य मार्ग स्थित दो डेयरी दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों के शटर ऊंचे कर अंदर घुसे और मिठाई सहित नकदी चुराकर फरार हो गए। फरियादी के अनुसार, मधुर डेयरी फार्म और कैलाश भैया दूध वाले की दुकान में रात करीब 2. 45 बजे अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर दोनों दुकानों से मिठाई और करीब 20 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि दोनों दुकानें शहर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। इतना ही नहीं, दुकानों के पास परशुराम चौक पर रात के समय पुलिस की गश्त भी रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर दो डेयरी दुकानों में चोरी







