-दवा दुकानों पर बिना डॉक्टर के पर्चे के न बिकें दवाइयां
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में बुधवार को 15 समितियों की मासिक टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नशीली सामग्री के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए। दवा दुकानों पर डॉक्टर के पर्चे के बिना प्रतिबंधित दवाइयों का विक्रय नहीं होना चाहिए। स्कूलों के आसपास तंबाकू एवं गुटखा की बिक्री पर भी सख्ती से रोक लगाई जाए। कलेक्टर ने खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग तथा पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर कड़ाई से रोक लगाने तथा होटल एवं ढाबों की नियमित जांच करने को कहा। खाद्य सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक संकेतक लगाए जाएं तथा एंबुलेंस सेवाएं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। दुर्घटना की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। कलेक्टर ने शहर के रहवासी क्षेत्रों एवं बाजारों में बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता मिल सके। सवारी वाहनों की वैधता का सत्यापन करने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं हार्वेस्टरों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए। हार्वेस्टरों में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम आवश्यक रूप से लगवाने पर जोर दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने नशीली दवाओं एवं अन्य नशीली सामग्री के कारोबार पर रोक लगाने के लिए सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीली सामग्री के विक्रय एवं संग्रहण के संभावित स्थानों पर भी निरंतर निगरानी रखी जाए और जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध कटाई एवं वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की स्थिति की समीक्षा की गई। खनिज विभाग को अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने तथा आबकारी विभाग को नियम विरुद्ध शराब बिक्री पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को दवा दुकानों का सतत निरीक्षण करने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों तथा राहत राशि स्वीकृति की समीक्षा की गई। इसी तरह जघन्य एवं सनसनीखेज चिन्हित अपराधों की स्थिति के संबंध में लोक अभियोजक से जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में 15 समितियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वनमंडल अधिकारी ज्योति मुड़िया, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





