Skip to content
Thursday, 19 November 2026
हरदा

महिलाओं ने आंवला के वृक्ष की पूजा कर की सुख-समृद्धि की कामना

2 min read

अनोखा तीर, हरदा। जिले में बुधवार को अक्षय नवमी का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों और उद्यानों में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने विधि-विधान से आंवले के पेड़ की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की अच्छी सेहत व सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर जिला मुख्यालय स्थित प्राचीन गुप्तेश्वर मंदिर, कृषि उपज मंडी के पंच पिपलेश्वर महादेव मंदिर और नेहरू पार्क सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर खास रौनक देखने को मिली। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने आंवले के वृक्ष पर कच्चा सूत बांधा, अक्षत-पुष्प अर्पित कर पूजन किया और पेड़ की परिक्रमा लगाकर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया।
अक्षय नवमी पर दान-पुण्य का विशेष महत्व
राजधानी कॉलोनी निवासी मंजिता शुक्ला और वैशाली पाराशर ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी के दिन किया गया तप, जप और दान कभी खत्म (क्षय) नहीं होता, बल्कि उसका कई गुना फल मिलता है। यह व्रत और पूजन व्यक्ति को सभी पापों से मुक्त कर उसकी मनोकामनाएं पूरी करता है। स्कंद, पद्म और विष्णु पुराण के अनुसार, अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और भगवान शिव का वास होता है। इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और आंवले के पेड़ की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि पूजा के बाद आंवले के पेड़ की छाया में बैठकर भोजन करने से सभी तरह के पाप और बीमारियां दूर होती हैं।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply