-21 को शोभा यात्रा, 24 को 6000 लोगों का होगा विशाल लंगर
अनोखा तीर, हरदा। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर शहर में धार्मिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। समाज की ओर से 10 नवंबर से 24 नवंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समाज के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह खनूजा ने बताया कि 10 नवंबर से प्रतिदिन प्रात: 5 बजे स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारे से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी पंजाबी, सिख और सिंधी समाज के घरों से होते हुए नगर भ्रमण कर पुन: गुरुद्वारा परिसर में पहुंचेगी। घरों में गुरु वाणी का पाठ एवं कीर्तन किया जा रहा है। यह प्रभात फेरी 21 नवंबर तक निकलेगी। 11 नवंबर से 24 नवंबर तक गुरुद्वारे में अखंड पाठ की लड़ी चलेगी। 21 नवंबर को सुबह 7 बजे जुनेजा परिवार द्वारा निशान साहिब की सेवा की जाएगी। उसी दिन दोपहर 2.30 बजे गुरु नानक प्रकाश पर्व पर भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम 7 बजे गुरुद्वारा परिसर में संपन्न होगी। 22 नवंबर की शाम को गुरुद्वारे में विशेष कार्यक्रम होगा। 24 नवंबर को गुरु नानक का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रात: से ही गुरुवाणी कीर्तन का पाठ होगा। दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के सभी सामाजिक बंधुओं एवं नगरवासियों के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 5 से 6 हजार लोगों के प्रसादी ग्रहण करने का अनुमान है। यह लंगर विगत कई वर्षों की तरह इस बार भी जुनेजा परिवार द्वारा आयोजित किया जाएगा। उसी दिन समाज के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गुरुवाणी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन रात्रि 1 बजे होगा।
गुरु नानक प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, निकलेगी प्रभात फेरी





