Skip to content
Thursday, 19 November 2026
हरदा

खिरकिया मंडी में किसानों से 200 रुपए वसूली का आरोप, कर्मचारी को हटाने की मांग

2 min read
16 1 1

-जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मंडी व्यवस्था पर उठाए सवाल
अनोखा तीर, हरदा। जिले की कृषि उपज मंडियों में किसानों से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने प्रदेश सरकार और मंडी प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खिरकिया मंडी में ट्रॉली प्रवेश के नाम पर किसानों से खुलेआम 200 रुपए वसूले जा रहे हैं। इससे गरीब और छोटे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहन सांई ने कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर कृषि कल्याण वर्ष मना रही है, वहीं दूसरी ओर जिले की मंडियों में किसानों से वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर 45 गार्डों का भुगतान किया जा रहा है, लेकिन ये गार्ड कहां तैनात हैं और क्या काम कर रहे हैं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। हरदा और खिरकिया सहित जिले की अन्य मंडियों में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मंडी गार्ड नेताओं के घरों और अधिकारियों के बंगलों पर काम कर रहे हैं।  उन्होंने मंडियों के प्लेट कांटों पर भी किसानों के साथ गड़बड़ी और लूट होने का आरोप लगाया। सांई ने कहा कि मंडी, सहकारिता और सिंचाई विभाग जैसी किसान हित से जुड़ी संस्थाओं में लंबे समय से चुनाव नहीं हुए हैं। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए इन संस्थाओं में किसानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी है, लेकिन सरकार ने चुनाव प्रक्रिया बंद कर रखी है। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के गरीब किसानों की परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सबसे अधिक परेशानी इन्हीं वर्गों के छोटे किसानों को उठानी पड़ रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खिरकिया मंडी में पदस्थ प्रेमनारायण उज्जैनिया को तत्काल हटाया जाए और जिले की सभी मंडियों में व्यवस्था में सुधार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply