-विठ्ठल मंदिर में हवन-पूजन, आरती और प्रसादी वितरण के साथ होंगे आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। संत शिरोमणि नामदेव महाराज की जयंती नामदेव समाज द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। देवउठनी ग्यारस के अवसर पर शुक्रवार को सुबह 8 बजे जैसानी चौक के समीप स्थित विठ्ठल मंदिर में हवन-पूजन, आरती एवं प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। नामदेव समाज के मीडिया प्रभारी नारायण नामदेव ने बताया कि जयंती के अवसर पर संत शिरोमणि नामदेव महाराज का भव्य चल समारोह भी निकाला जाएगा। चल समारोह विठ्ठल मंदिर से प्रारंभ होकर जैसानी चौक, मल्हार मंदिर, पोस्ट ऑफिस, चांडक चौराहा और घंटाघर होते हुए पुन: विठ्ठल मंदिर पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा। चल समारोह में समाज के महिला-पुरुषों के साथ बच्चे भी उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। आयोजन के बाद प्रसादी एवं स्वल्पाहार का वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात समाज की वार्षिक गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ समाज हित से जुड़े कार्यों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। मीडिया प्रभारी नारायण नामदेव ने समाज के सभी सामाजिक बंधुओं से जयंती समारोह में शामिल होकर आरती एवं प्रसादी का लाभ लेने की अपील की है।





