
-चैंबर ऑफ कॉमर्स की युवा जागरण एवं प्रेरक संगोष्ठी में उद्यमिता, एआई, कृषि तकनीक और स्वरोजगार पर हुआ मंथन
अनोखा तीर, हरदा। युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत चैंबर ऑफ कॉमर्स हरदा द्वारा युवा जागरण एवं प्रेरक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों, प्रगतिशील किसानों, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों तथा डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय खंडवा के ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) कार्यक्रम के तहत हरदा में कार्यरत छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रविलाल पटेल ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार देने की सोच विकसित करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर सफल व्यवसायी बनने का आह्वान किया। विशेषज्ञ वक्ता सिद्धार्थ गुप्ता ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की संभावनाएं बताईं। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भोपाल के जॉइंट प्रेसिडेंट वीरेन्द्र पोरवाल ने सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक बारीकियों के साथ शासकीय योजनाओं एवं उद्योग संचालन से जुड़े श्रमिक कानूनों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता नेहा चौहान ने केंद्र एवं मध्यप्रदेश शासन की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) योजनाओं, सब्सिडी और वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। वहीं आरिफ गुलरेज ने उद्योग एवं कृषि क्षेत्र में बीमा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। फेडरेशन के सचिव सरगम जैन ने बताया कि फेडरेशन द्वारा हरदा के युवाओं को स्टार्टअप के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि युवाओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से 18 एवं 19 नवंबर को दो दिवसीय विशेष कार्यशाला भी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के क्षेत्रीय समन्वयक उमेश शर्मा ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक का समन्वय और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। किसान फसल विविधीकरण अपनाकर कृषि क्षेत्र के जोखिम को कम कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के साथ मिलकर कृषि प्रौद्योगिकी के विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। समापन अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष डॉ. एल.एन. पाराशर ने अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में व्यापार, उद्यमिता और नवाचार के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी तथा वे स्वरोजगार के लिए ठोस कार्ययोजनाएं तैयार कर सकेंगे। संगोष्ठी में शहर के प्रमुख व्यापारी, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





