Skip to content
Thursday, 19 November 2026
हरदा

अव्यवस्थाओं का शिकार हरदा कृषि उपज मंडी

3 min read
31 1 1

-बंपर आवक के बावजूद किसानों को सुविधाओं का टोटा
-दो-दो तीन-तीन रात उपज बेचने के इंतजार में गुजार रहे किसान

अनोखा तीर, हरदा। हरदा आदर्श कृषि उपज मंडी में इन दिनों मक्का और सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है, लेकिन किसानों की बढ़ती संख्या के मुकाबले मंडी प्रबंधन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रहा है। हालात यह हैं कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दो-दो और तीन-तीन रातें मच्छरों के बीच ट्रॉलियों में गुजारनी पड़ रही हैं। मंडी में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि रोजाना ट्रॉलियों को लगाने की जगह को लेकर विवाद हो रहे हैं। जगह की कमी और अव्यवस्थित तरीके से खड़ी ट्रॉलियों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। एक ओर मंडी प्रबंधन सुरक्षा गार्डों के नाम पर हर महीने लाखों रुपये खर्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर किसानों की सुरक्षा और सुविधाओं के नाम पर जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब नजर आ रही है। मंडी परिसर में न तो ट्रॉली शेड के आसपास पर्याप्त पेयजल व्यवस्था है और न ही किसानों के रुकने के लिए कोई निश्चित इंतजाम। इसके अलावा पर्याप्त सीसीटीवी कैमरों और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में किसानों की उपज चोरी होने की आशंका भी बनी रहती है।
नीलामी के बजाय सीधे खरीदी पर जोर!
मंडी में एक और गंभीर स्थिति सामने आ रही है। आरोप है कि मंडी के कुुछ चुनिंदा व्यापारी बंपर आवक का फायदा उठाते हुए प्रतिदिन सीमित संख्या में ही ट्रॉलियों की नीलामी कर रहे हैं, जबकि सीधे खरीदी में अधिक रुचि दिखाई जा रही है। रोजाना गिनती की ट्रॉलियां ही नीलामी में बिक रही हैं, जबकि इससे अधिक उपज की सीधे खरीदी किए जाने की बात सामने आ रही है। मंडी परिसर में हो रही इस कथित नियम विरुद्ध प्रक्रिया पर मंडी प्रशासन के अधिकारियों की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है। हैरानी की बात यह है कि टिमरनी जैसी अपेक्षाकृत छोटी मंडी में भी मक्का की नीलामी का काम अधिक हो रहा है, जबकि प्रदेश स्तर पर पहचान रखने वाली हरदा की बड़ी कृषि उपज मंडी में नीलामी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही है।
व्यवस्थाएं सुधारने की जरूरत
मंडी प्रबंधन को चाहिए कि किसानों की ट्रॉलियां खड़ी करने के लिए निर्धारित स्थान और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जगह घेरने और ट्रॉलियां लगाने को लेकर होने वाले विवादों को सुरक्षा गार्डों की मदद से रोका जाए। साथ ही पेयजल, रात्रि विश्राम, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मंडी में अधिक से अधिक उपज की विधिवत नीलामी कराई जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए व्यापारियों की सीधे खरीदी पर निर्भर न रहना पड़े। नीलामी की उचित व्यवस्था होने से किसानों को प्रतिस्पर्धी भाव मिल सकेंगे और उन्हें मजबूरी में कम दाम पर अपनी उपज बेचने की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply