
-दरांती से गर्दन पर किया वार, लोहे की रॉड से भी पीटा, हमले में एक कान भी कटा
अनोखा तीर, हरदा। जिले के करताना चौकी क्षेत्र के ग्राम गोदड़ी में जमीन और संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार दोपहर गांव में पिता-पुत्र ने मिलकर एक युवक पर दरांती और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक राकेश यादव मिस्त्री का काम करता था। मंगलवार दोपहर वह गांव के पास स्थित एक स्कूल में निर्माण कार्य की साइट देखने गया था। वहां से लौटते समय जब वह लालसिंह के घर के सामने से गुजर रहा था, तभी लालसिंह और उसके बेटे जितेंद्र ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दरांती से उसकी गर्दन पर वार किया और लोहे की रॉड से भी मारपीट की। हमले में राकेश के सिर और कान में गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि हमले में उसका एक कान भी कट गया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची।
एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन था जमीन विवाद
टिमरनी एसडीओपी दीपा डोडवे के अनुसार, लालसिंह और राकेश के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन था। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
बहन के संपत्ति में हिस्से को लेकर भी था विवाद
परिजनों के मुताबिक, करीब आठ वर्ष पहले राकेश की बहन ने आरोपी के भाई से प्रेम विवाह किया था। पति की मौत के बाद आरोप है कि महिला और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद महिला के संपत्ति में हिस्से को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो न्यायालय तक पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते राकेश को निशाना बनाया गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
करताना चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह सोलंकी ने बताया कि ग्राम गोदड़ी में धारदार हथियार से हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जांच और पूछताछ के बाद लालसिंह और उसके बेटे जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।





