अनोखा तीर, हरदा। मगरधा रोड स्थित दयोदय गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौभक्तों ने विधि-विधान से गौपूजन कर गौवंश को हरा चारा, पौष्टिक लड्डू एवं घूंघरी अर्पित की। श्रद्धालुओं ने गौसेवा कर धर्मलाभ लिया। कार्यक्रम में लोकप्रिय भजन गायक विक्रांत अग्रवाल ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान गौशाला परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर गोपाष्टमी पर्व के धार्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने सात वर्ष की आयु में पहली बार गौचारण का कार्य प्रारंभ किया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोपाष्टमी पर गौपूजन और गौसेवा की परंपरा निभाई जाती है। आयोजन में बड़ी संख्या में गौभक्त एवं सनातन धर्मावलंबी उपस्थित रहे। सभी ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए इसमें सहभागिता की।
श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गोपाष्टमी पर्व







