-पास्को एक्ट से लेकर साइबर सुरक्षा तक दी जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा द्वारा मंगलवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और मां शारदा विद्या मंदिर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार, बाल संरक्षण कानून, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुरेश सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने बाल अधिकार, बाल श्रम निषेध कानून और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान करने के बारे में समझाया। साथ ही सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की। जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत कर सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
जरूरतमंदों को मिलती है नि:शुल्क कानूनी सहायता
शिविर में विद्यार्थियों को नि:शुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया भी बताई गई। जानकारी दी गई कि पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आवेदन, पत्र अथवा नालसा पोर्टल के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दोनों शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी और पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक बनाने के साथ सुरक्षित, जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।







