-बहन के जेठ और भतीजे पर आरोप
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के गोदड़ी गांव में मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर 45 वर्षीय राकेश यादव की हत्या कर दी गई। उनके भाई मोहन यादव ने बहन के जेठ लालसिंह यदुवंशी और उसके बेटे जितेंद्र पर हत्या का आरोप लगाया है। मोहन के मुताबिक, राकेश मिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार दोपहर वे गांव के पास स्कूल में साइट देखने की बात कहकर घर से निकले थे। लौटते समय आरोपियों ने पीछे से दराती से उनकी गर्दन पर हमला किया और एक कान काट दिया। परिजन मौके पर पहुंचे तो राकेश खून से लथपथ पड़े थे। उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन आधे घंटे तक वह नहीं पहुंची। इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोहन ने बताया कि राकेश चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। मोहन के मुताबिक, करीब आठ साल पहले उनकी बहन ने आरोपी के भाई से प्रेम विवाह किया था। एक-दो साल पहले बहन के पति की मौत के बाद आरोपियों ने बहन और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया था। तब से वे मोहन के परिवार के साथ रह रहे थे। मोहन ने बताया कि बहन की संपत्ति में हिस्से को लेकर परिवार ने कोर्ट में केस दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखते थे। मृतक के भाइयों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बहनोई की हत्या भी उनके बड़े भाई ने की थी। करताना चौकी प्रभारी प्रकाश सोलंकी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की बात सामने आई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, राकेश पर हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए टीम जुटी है।
पुरानी रंजिश में 45 वर्षीय राकेश की हत्या






