
-बेटी-दामाद पर कब्जाने का आरोप
अनोखा तीर, हरदा। हरदा के इमलीपुरा मोहल्ले में मंगलवार को प्रशासन ने 90 साल की चांद बी को उनके मकान का कब्जा दिलाया। राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की टीम ने घर खाली कराया और उन्हें मकान की चाबी सौंपी। यह कार्रवाई वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम के तहत की गई।
घर से निकाले जाने के बाद भीख मांगकर गुजारा कर रही थीं
चांद बी ने करीब एक महीने पहले कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी सबसे छोटी बेटी नसीम और दामाद समीर अंसारी ने कई साल से उनके पुश्तैनी मकान पर कब्जा कर रखा है। उन्हें घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह रिश्तेदारों के यहां रहने लगी थीं। जानकारी के अनुसार घर से निकाले जाने के बाद चांद बी भीख मांगकर अपना गुजारा कर रही थीं।
सामान की सूची बनाकर सौंपा
नायब तहसीलदार भगवानदास तमखाने ने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने कहा कि प्रशासन ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चांद बी को उनके मकान का कब्जा दिलाया है। घर में रखा सामान भी सूची बनाकर उन्हें सौंप दिया गया। एसडीएम ने बताया कि अगर बेटा या बेटी बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल और भरण-पोषण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ इस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।







