-राजस्थान के दो तस्कर २० लाख की 99 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
-10 दिन में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 कार्रवाई,
अनोखा तीर, हरदा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो युवकों को 99 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास से पकड़ा। पिछले 10 दिनों में जिले के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई छह कार्रवाइयां नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की सक्रियता को भी दर्शाती हैं। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात करीब एक बजे सिराली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रहटाकलां बस स्टैंड के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बनेसिंह पिता शंकरसिंह राजपूत निवासी ग्राम दूदलई और विकास पिता शंकरलाल बरेठ निवासी ग्राम पारदीगढ़, थाना डग, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर थाना सिराली में अपराध क्रमांक 380/26 के तहत एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
10 दिन में छह कार्रवाई, एमडी ड्रग्स की तीन खेप पकड़ी
नशे के खिलाफ बीते 10 दिनों में हरदा जिले के विभिन्न थानों द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत छह प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें सिराली पुलिस ने दो मामलों में कुल 106 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। वहीं सिविल लाइन पुलिस ने 6 ग्राम एमडी ड्रग्स और हंडिया पुलिस ने 1.40 ग्राम एमडी ड्रग्स पकड़ी। इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने 5.45 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.5 किलो गांजा जब्त किया। पुलिस के अनुसार, इन छह मामलों में जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 75 हजार रुपये है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में सिराली थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीताराम पटेल, सउनि संजय शर्मा, कमल किशोर मांझी, विनोद बरखने, प्रधान आरक्षक प्रवीण रघुवंशी, कमलेश मगरधे, आरक्षक सुनील, मनमोहन और सत्येंद्र सहित पुलिस लाइन हरदा के प्रधान आरक्षक तुषार धनगर, आरक्षक शैलेन्द्र परमार, सजन ठाकुर और साइबर सेल के आरक्षक कमलेश परिहार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा और एसडीओपी खिरकिया अश्वनी कुमार के नेतृत्व में जिले में नशे के विरुद्ध अभियान जारी है।







