Skip to content
Sunday, 15 November 2026
हरदा

नेहरू स्टेडियम में गूंजा खेल भावना का उत्साह, जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता संपन्न

3 min read
08 5
Text Size:

-पांच महाविद्यालयों की टीमों ने दिखाया खेल कौशल

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता का  आयोजन 14 नवंबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरदा के तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, हरदा में किया गया। प्रतियोगिता में जिले एवं आसपास के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।  कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा, नितेश बादर, प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार गौर, विधि महाविद्यालय प्राचार्य व्ही. के. विछोतीया द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। व्ही. के. विछोतीया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता एवं सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए, क्योंकि खेल उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मैदान जीवन में संघर्ष, समर्पण और सफलता का संदेश देता है। प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन एवं निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले एवं महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि नितेश बादर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।  इस अवसर पर डॉ. राहुल सराठे ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं एवं खेल संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय नर्मदापुरम, शासकीय महाविद्यालय बाबई, शासकीय महाविद्यालय टिमरनी, शासकीय महाविद्यालय पिपरिया तथा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, हरदा की टीमों ने भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, गति, रणनीति, आपसी तालमेल एवं खेल कौशल से शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा एवं उपविजेता टीम शासकीय महाविद्यालय टिमरनी रही। अंत में विजेता और उपविजेता टीम को मोमेंटो देकर प्राचार्य डॉ. राजेश गौर और विधि महाविद्यालय के प्राचार्य व्ही. के. विछोतीया, डॉ. देवेंद्र रोडंगे द्वारा पुरस्कृत किया गया।   प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में निर्णायक के रूप में संदीप जोशी, सचिन बरकड़े एवं भूपेंद्र सिंह तोमर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. योगेश कुमार गौड़ ने किया। अंत में बसंत कुमार राजपूत ने अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर महामंत्री पुरुषोत्तम झीझोरे, जिला खेल अधिकारी रामनिवास जाट, डॉ. देवेंद्र कुमार रोडंगे, डॉ. जगदीश करोड़, अंकित यादव, डॉ. चंद्रकिशोर लोखंडे, डॉ. अभिषेक तिवारी, डॉ. शिवानी बर्मन, सलमा रानी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply