– शासकीय माध्यमिक शाला कुकरावद में बाल दिवस पर बाल अधिकार पाठशाला का आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। बाल दिवस के अवसर पर प्रयास सामाजिक संस्था कुकरावद के तत्वावधान में शासकीय माध्यमिक शाला कुकरावद में बाल अधिकार पाठशाला का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रयास सामाजिक संस्था हरदा के सीईओ नीरज रामनारायण गुर्जर ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच की पहचान, और आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्डलाइन 1098 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कला, साहित्य और शिक्षा के महत्व पर भी विशेष रूप से चर्चा की।
कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता और सम्मान समारोह
कार्यक्रम को आनंददायक और मनोरंजक बनाने के लिए विद्यालय परिसर में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र को संस्था की ओर से शील्ड (ट्रॉफी) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए शासकीय माध्यमिक शाला कुकरावद की प्रधान पाठक राजबाला शुक्ला, शिक्षक मुकेश तारे, शिक्षिका अरुणा तुमराम, और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता बघेले विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने भी बच्चों को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




