-गीता पांडे ने खेल-कविता और पौधरोपण के जरिए दिया संदेश
अनोखा तीर, हरदा। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 61, वार्ड 28 में हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रख्यात समाजसेवी गीता पांडे ने बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में सहभागिता की। कार्यक्रम में बच्चों के लिए खेल, कविता पाठ और चम्मच दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और भारत माता की जय तथा नेहरू अमर रहें के नारे लगाए। गीता पांडे ने बच्चों से सवाल किया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को कौन-सा फूल पसंद था। इस पर कु. धृति पांडे ने सही जवाब देते हुए बताया कि उन्हें गुलाब का फूल पसंद था। इस अवसर पर गीता पांडे ने कहा कि बच्चों की मुस्कान में ही खुशियों का संसार है और उनके सपनों से ही आने वाला कल रोशन होगा। बच्चे देश का भविष्य हैं, उनके सपनों को पंख देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रत्येक खुशी के अवसर पर एक पौधा लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने पौधरोपण भी किया। गीता पांडे ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता दुधे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर गीता पांडे ने कहा कि खुशहाल भारत के निर्माण के लिए हर बच्चे को शिक्षा, संस्कार, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य देना आवश्यक है। उन्होंने सभी से बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लेने की अपील की।




