
अनोखा तीर, हरदा। 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के मार्गदर्शन में हरदा पुलिस द्वारा शासकीय सांदीपनि स्कूल खिरकिया एवं शासकीय कन्या हाई स्कूल हरदा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को विभिन्न अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को साइबर अपराधों, पाक्सो एक्ट, मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग एवं अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने की समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी एवं फोटो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया या ऑनलाइन गेम के माध्यम से धमकी अथवा ब्लैकमेलिंग किए जाने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को सूचित करें साथ ही गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या शोषण के विरुद्ध बिना डरे आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी रखने एवं हेलमेट के महत्व के बारे में भी बताया गया। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 तथा बच्चों की सहायता एवं संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। हरदा पुलिस द्वारा बच्चों को जागरूक एवं सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बताया गया कि उनकी सुरक्षा में पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता कार्यक्रम में शासकीय कन्या शाला हरदा में प्राचार्य मंजूलता खरे व स्कूल शिक्षक, शिक्षिकाएं व उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा हरदा अरुणा सिंह उपस्थित रही एवं शासकीय सांदीपनि स्कूल खिरकिया के प्राचार्य एवं स्कूल के शिक्षक व थाना छीपाबड़ से उनि. माया सरलाम उपस्थित रही।




