-आज पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय हरदा में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
-सांस्कृतिक रैली भी निकाली जाएगी
अनोखा तीर, हरदा। जनजातीय जननायक बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर 2026 को जिले में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरदा के पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। साथ ही वन-वे कनेक्टिविटी के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। जनजातीय गौरव दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाने तथा कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं समन्वय के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा को नोडल अधिकारी तथा जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग हरदा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक रैली का आयोजन भी किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने के लिए जिले में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं में भी 15 नवंबर को जयंती समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की जाएगी। जिन छात्रावासों एवं आश्रमों में किसी कारणवश 1 नवंबर को पालक समिति की बैठक आयोजित नहीं हो सकी है, वहां इस अवसर पर पालक समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी। जिले में जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय संघर्ष, साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से प्रेरित करना है।
जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनेगी बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती

Text Size:
0 Views
What do you think?



