-दीपावली प्रणाम समारोह का होगा भव्य आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की हरदा जिला इकाई द्वारा पारंपरिक दीपावली प्रणाम एवं सम्मान समारोह के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर को नगर की दो प्रतिष्ठित विभूतियों का सम्मान किया जाएगा। यह गरिमामयी आयोजन दोपहर 2 बजे स्थानीय किसान भवन (बाहेती कॉलोनी), हरदा में संपन्न होगा। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए समिति की हरदा जिला इकाई के संयोजक ज्ञानेश चौबे ने बताया कि समारोह में समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो महानुभावों को अलंकृत किया जाएगा। सुप्रसिद्ध चिकित्सक और कर्मयोगी स्वर्गीय डॉ. छोगालाल झँवर की पावन स्मृति में झँवर परिवार द्वारा सुप्रसिद्ध शिक्षाविद दिनेश स्वरूप कपूर (राजाबरारी) को सम्मानित किया जाएगा। हरदा के गांधी कहे जाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय प्रोफेसर महेश दत्त मिश्र की स्मृति में नगर के वयोवृद्ध एवं समर्पित समाजसेवी नारायण दास मूंदड़ा को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। संयोजक चौबे ने आगे बताया कि इस साहित्यिक एवं सामाजिक समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अभिलाषा सिंहल करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं जिला योग आयोग समिति के अध्यक्ष ओम नारायण शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की जिला इकाई ने नगर के सभी साहित्य प्रेमियों, शिक्षाविदों, प्रबुद्ध जनों और नागरिकों से समय पर उपस्थित होकर इस गरिमामयी कार्यक्रम को सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया है।
मध्यप्रदेश प्रचार समिति आज करेगी समाजसेवियों का सम्मान

Text Size:
0 Views
What do you think?



