-बच्चों ने खेलकूद और मस्ती के साथ मनाया उत्सव
अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। बाल दिवस को यादगार बनाने के लिए शिक्षकों ने बच्चों के साथ जमकर नृत्य किया और खुशियां साझा कीं। इसके पश्चात सभी बच्चों को टॉफी एवं नाश्ते का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें लेमन रेस, कुर्सी दौड़, स्लो साइकिल रेस, बॉल बैलेंस सहित कई फन गेम्स शामिल रहे। विशेष बात यह रही कि इन खेलों में बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों और शिक्षकों को एक साथ खेलते, हंसते और मस्ती करते देख विद्यालय परिसर का माहौल बेहद खुशनुमा हो गया। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ बच्चा बनकर इस दिन को यादगार बनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन, खेलकूद और आपसी सहयोग के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करना रहा। यह बाल दिवस समारोह बच्चों के लिए खुशियों, उमंग और अविस्मरणीय यादों से भरा रहा।




