
-सीसीटीवी में कैद हुए मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक
अनोखा तीर, हरदा। शहर की वास्तु सिटी कॉलोनी में शनिवार रात करीब 2.20 बजे चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया। दोनों घरों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 1.25 लाख रुपए का सामान चोरी हुआ है। सीसीटीवी कैमरे में मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक कैद हुए हैं। तीसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान घरवालों के जागने पर आरोपी भाग गए।
दो घरों से जेवर और नकदी चोरी
गली नंबर 8 में रहने वाले रोशन उइके के घर से सोने के दो जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी पायल और 5 हजार रुपए नकद चोरी हुए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। रोशन ने बताया कि वे सोनतलाई गांव गए हुए थे। वहीं, गली नंबर 9 में रहने वाले विजय धनगर के घर से 5 हजार रुपए नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी के रामझोल और एक जोड़ी चांदी की बिछिया चोरी हुई। इनकी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है। विजय ने बताया कि उनकी पत्नी वंदना 8-10 दिनों से बिसोनीकला गांव गई हुई थीं। वे भी घटना से एक दिन पहले शाम को गांव चले गए थे। विजय कॉलोनी के मालिक के यहां काम करते हैं। चोरों ने कॉलोनी के एक तीसरे घर में भी चोरी की कोशिश की। इसी दौरान घरवालों की नींद खुल गई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
दो साल में चोरी की चौथी घटना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कॉलोनी में दो साल के अंदर चोरी की यह चौथी घटना है। इससे पहले हुई तीन चोरियों के आरोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सूचना मिलने पर एसडीओपी शालिनी परस्ते और टीआई रोशनलाल भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, कॉलोनी चारों तरफ से खुली है। चोरों की तलाश के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। टीआई भारती ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




