-जीएम की उपस्थिति में आयोजित हुआ ग्रैंड कैंपफायर समारोह
-प्रतिभागियों ने प्रस्तुत किए आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम
अनोखा तीर, भोपाल। पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य स्तरीय रैली का भव्य ग्रैंड कैंपफायर एवं समापन समारोह 04 नवंबर को रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी, भोपाल में उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी, वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक नीरज कुमार सहित पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय एवं भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय रैली में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित भोपाल, जबलपुर एवं कोटा मंडलों से लगभग 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स ने सहभागिता की। रैली का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, टीमवर्क, रचनात्मकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना है। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण, मार्च पास्ट एवं बैंड डिस्प्ले के साथ हुआ। विभिन्न मंडलों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स के दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट एवं आकर्षक बैंड प्रदर्शन के माध्यम से अपनी संगठनात्मक क्षमता, एकजुटता एवं अनुशासन का परिचय दिया। इसके पश्चात ग्रैंड कैंपफायर समारोह में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह को जनरल सैल्यूट दिया गया तथा शिविर का निरीक्षण कराया गया। ग्रैंड कैंपफायर के दौरान प्रतिभागियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न मंडलों के स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, समूह गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों में देश की सांस्कृतिक विविधता, लोक परंपराओं एवं राष्ट्रीय एकता की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर राज्य स्तरीय स्काउट्स एवं गाइड्स पुरस्कारों के प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कारों का वितरण भी किया गया। विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस राज्य स्तरीय रैली में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा नई दक्षताएं सीखने का अवसर प्रदान किया। प्राथमिक उपचार, योग, शारीरिक प्रदर्शन, पायनियरिंग, टीम आधारित प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, अनुशासन एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। रैली के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स की मूल भावना सेवा ही सर्वोपरि को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। प्रतिभागियों ने सामूहिक सहभागिता एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। रैली का औपचारिक शिविर समापन 05 नवंबर को सर्वधर्म प्रार्थना एवं ध्वजारोहण के पश्चात किया गया। पश्चिम मध्य रेल की यह 9वीं राज्य स्तरीय रैली युवाओं में राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सेवा की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन रही। इसने विभिन्न मंडलों के प्रतिभागियों को आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा सामूहिक रूप से सीखने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।







