Skip to content
Saturday, 7 November 2026
हरदा

मृत्यु भोज की परंपरा को विराम देकर पेश की अनुकरणीय मिसाल

3 min read
05 3
Text Size:

-पगड़ी रस्म के अवसर पर सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को दी सहयोग राशि
-दिवंगत आत्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अनोखा तीर, खिरकिया। सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में ठाकुर जी परिवार ने एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल की है। स्वर्गीय देवी सिंह राजपूत के निधन के पश्चात आयोजित पगड़ी रस्म के कार्यक्रम में परिवार ने मृत्यु भोज जैसी परंपरा को बंद करते हुए उस पर होने वाले खर्च की राशि नगर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को सहयोग स्वरूप प्रदान की। परिवार की इस पहल ने समाज को एक सकारात्मक संदेश देने के साथ ही सामाजिक संस्थाओं के सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। ठाकुर जी परिवार द्वारा स्थानीय पंचवटी मुक्तिधाम को 7100 रुपये, समता भवन को 5100 रुपये, अन्नपूर्णा निशुल्क भोजन केंद्र को 2100 रुपये एवं गौरी राधे गौशाला को 1100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। साथ ही समता भवन में प्रतिवर्ष 5100 रुपये की राशि भी प्रदान की जाती रहेगी। समता परिसर में हुए कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय देवी सिंह राजपूत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक जीवन और सेवाभावी व्यक्तित्व का स्मरण किया। इस अवसर पर राजपूत परिषद के संभागीय अध्यक्ष बद्री प्रसाद पटेल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय देवी सिंह राजपूत का जीवन सामाजिक सरोकारों और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने कहा कि ठाकुर जी परिवार द्वारा उनकी स्मृति में लिया गया यह निर्णय उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सिंह सावनेर ने स्वर्गीय देवी सिंह राजपूत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सरल, सहज और सामाजिक मूल्यों से परिपूर्ण था। उन्होंने जीवनभर समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाई। परिवार द्वारा मृत्यु भोज जैसी परंपरा के स्थान पर सामाजिक संस्थाओं को सहयोग देना एक सराहनीय कदम है, जिससे समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को बल मिलेगा। वहीं राजपूत परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी विजय सिंह खरबड़िया ने कहा कि ठाकुर जी परिवार द्वारा समाज में एक नई एवं अनुकरणीय परंपरा की शुरुआत की गई है। आज आवश्यकता है कि समाज में अनावश्यक खर्च और रूढ़िवादी परंपराओं के स्थान पर ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे समाज और जनहित का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि परिवार का यह निर्णय निश्चित रूप से अन्य सामाजिक परिवारों को भी प्रेरित करेगा। यदि समाज के लोग इस पहल का अनुसरण करें तो सामाजिक संस्थाओं को मजबूती मिलने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम का संचालन आशीष समदड़िया द्वारा किया गया। स्वर्गीय देवी सिंह राजपूत के निधन पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, विधायक आरके दोगने, सुहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, बड़वाह विधायक सचिन बिरला, मांधाता विधायक नारायण पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन साईं एवं पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। ठाकुर जी परिवार की इस पहल की उपस्थित सामाजिकजनों ने सराहना करते हुए इसे दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और समाजहित में उठाया गया प्रेरणादायक कदम बताया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply