-पिनेकल एकेडमी में मनाया दीपावली उत्सव
अनोखा तीर, हरदा। प्रभु श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण एवं हनुमान के साथ जब अयोध्या पधारे, तब सभी ने दीप जलाकर, करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। यह दृश्य गुरुवार को पिनेकल एकेडमी में देखने को मिला। इसके पहले बच्चों ने सीता हरण, रावण वध का मंचन किया। राम की लीलाओं को दर्शाती नाटिका के मंचन के दौरान दर्शकों से खूब सराहना मिली। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी एवं जिला सह संयोजक सोशल मीडिया भाजपा संदीप पाराशर एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पाल मंचासीन रहे। संचालक अब्दुल सईद खान ने वरिष्ठ समाजसेवी संदीप पाराशर एवं धर्मेंद्र पाल का स्वागत किया, वहीं अतिथि धर्मेंद्र पाल को उनके जन्मदिवस की बधाई देकर शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने बच्चों द्वारा सजाए गए दीपक एवं रंगोली का अवलोकन किया। इस दौरान भारत के नक्शे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दर्शाती रंगोली को खूब सराहना मिली। कार्यक्रम के दौरान अपने उद्बोधन में जिलाध्यक्ष भाजयुमो धर्मेंद्र पाल ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर अपने विचार रखते हुए संस्था द्वारा किए सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अच्छी सोच के क्रियान्वयन से देश मजबूत होता है। वरिष्ठ समाजसेवी संदीप पाराशर ने कहा कि सांस्कृतिक एवं आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर विद्यार्थी देश निर्माण में महती भूमिका अदा करते हैं। विद्यार्थियों को धर्म, संस्कृति, सभ्यता का परिचय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिनेकल एकेडमी द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का यह प्रयास सराहनीय है। इसके बाद पिनेकल एकेडमी परिवार ने दीपावली उत्सव की एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन सोहा खान ने किया। अंत में आभार प्राचार्य प्रियंका तोमर ने व्यक्त किया।






