Skip to content
Saturday, 7 November 2026
हरदा

गांव में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई

2 min read
03 5
Text Size:

-60 लीटर कच्ची शराब जप्त, कई महीनों से ग्रामीण कर रहे थे शिकायत
-पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर तक पहुंचा था मामला

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम में अवैध शराब की बिक्री को लेकर लंबे समय से की जा रही शिकायतों के बाद आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई की है। गुरुवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने होली चौक के पास दबिश देकर 60 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की। गांव में अवैध शराब के खिलाफ यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मच गया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आरएस तिवारी ने बताया कि नवागत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम करीब 4 बजे होली चौक के पास कार्रवाई करते हुए राजेंद्र उर्फ कल्लू पिता शिव शंकर कहार के पास से 60 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गौरतलब है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री को लेकर पिछले कई महीनों से ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। पिछले दिनों ग्राम में आयोजित शिविर के दौरान भी ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर के सामने यह मुद्दा उठाते हुए अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद थाना प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कार्रवाई की। प्रदेश में अवैध और जहरीली शराब को लेकर सामने आ रहे मामलों के बाद पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार आसपास के वनांचल क्षेत्रों से पन्नियों और अन्य पात्रों में भरकर कच्ची शराब गांव तक पहुंचाई जाती है। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर इसकी बिक्री की जाती है। ऐसे में केवल एक स्थान पर कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की आपूर्ति करने वाले स्रोतों और बिक्री के अन्य ठिकानों की भी जांच कर लगातार कार्रवाई की जानी चाहिए।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply