-मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर लिया हरित मध्य प्रदेश का संकल्प
अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आह्वान पर प्रदेशभर में ‘एक जिला-एक वृक्ष अभियान चलाया गया। इसी अभियान के तहत हरदा में मगरधा रोड स्थित दयोदय गौशाला परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में दयोदय गौशाला के अध्यक्ष अनूप जैन, कैट के जिला अध्यक्ष सरगम जैन सहित संजय बजाज, राजीव जैन, केशव बंसल एवं अन्य गणमान्य व्यापारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। यह अभियान कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन एवं प्रदेश संयुक्त अध्यक्ष गोविंददास असाटी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करना तथा प्रदेश को हरा-भरा बनाना है। इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनका संरक्षण आवश्यक है। कैट की इस पहल के माध्यम से व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।



