-एक ही स्थान पर मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान चौपालों का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। किसान चौपालें निर्धारित दिनों में शाम 4 बजे से आयोजित होंगी। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, राजस्व, विद्युत, जल संसाधन, अभियांत्रिकी, बैंक एवं पंचायत-ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों की पहचान करेंगे तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में भी सहयोग करेंगे। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को विकासखंड टिमरनी के ग्राम रुंदलाय में बजरंग मंदिर के सामने, 4 नवंबर को विकासखंड खिरकिया के नगर परिषद कार्यालय सिराली तथा 5 नवंबर को विकासखंड हरदा के ग्राम सिरकंबा में हनुमान मंदिर परिसर में किसान चौपाल आयोजित होगी। चौपालों में किसानों को आधुनिक यंत्रों के उपयोग, नरवाई प्रबंधन, उन्नत बीज एवं खाद, उद्यानिकी फसलों के विस्तार, मछली पालन, पशुपालन, केसीसी और फसल ऋण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बिजली बिल संबंधी समस्याओं, सिंचाई, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ चौपालों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ गांव में ही मिल सके। इस पहल से किसानों एवं ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
हरदा जिले में लगेंगी किसान चौपालें



