Skip to content
Tuesday, 3 November 2026
हरदा

घटिया मेंटेनेंस कार्य की केंद्रीय राज्यमंत्री से शिकायत, अधिकारियों को जांच के निर्देश

2 min read
13
Text Size:

-नांदवा सहित कई ग्रामीण मार्गों की बदहाल स्थिति उठाई
-ठेकेदारों की मनमानी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

अनोखा तीर, हरदा। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र के सांसद डीडी उईके के हरदा प्रवास के दौरान भाजपा नेता नर्मदा प्रसाद सावनेर एवं गया प्रसाद पांडे ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों और उनमें किए जा रहे घटिया मेंटेनेंस कार्यों की शिकायत की। उन्होंने इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग से ग्राम नादवा के माध्यमिक विद्यालय तक बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की खराब स्थिति और मरम्मत कार्य में बरती जा रही लापरवाही से केंद्रीय राज्यमंत्री को अवगत कराया। भाजपा नेताओं ने बताया कि उक्त सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। विभाग द्वारा इसका मेंटेनेंस कार्य कराया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। सड़क के कई हिस्सों में डामर उखड़ चुका है और जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां भी खानापूर्ति करते हुए डामर डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी के चलते वर्ष 2025 से प्रस्तावित मेंटेनेंस कार्य करीब 22 माह की देरी से शुरू हुआ है। इसके बावजूद काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं किया जा रहा है।
कई अन्य ग्रामीण मार्गों की हालत भी खराब
शिकायत में इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग से डोलरिया, बहरागांव, सिरकंबा तथा टेमागांव से कपासी तक के मार्गों की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। भाजपा नेताओं ने बताया कि इन सड़कों के रखरखाव और मरम्मत के लिए टेंडर जारी होने के बावजूद ठेकेदार समय पर काम नहीं कर रहे हैं। मरम्मत कार्य में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री से मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देकर सभी खराब सड़कों का गुणवत्तापूर्ण मेंटेनेंस कराया जाए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश
शिकायत पर केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उईके ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर को संबंधित कार्यों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब सड़कों की उचित मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply