-सनफ्लावर स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
अनोखा तीर, हरदा। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और बाल शोषण जैसी घटनाओं से बचाव के लिए सोमवार को सनफ्लावर हायर सेकंडरी स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम और लैंगिक अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी ने कहा कि सुरक्षित बचपन अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बाल विवाह एवं बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर उनके लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उनके साथ कोई अनुचित व्यवहार या शोषण की घटना होती है तो वे बिना किसी डर के इसकी शिकायत करें और अपने अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सुधीर कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच की पहचान और बाल विवाह की रोकथाम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली भी समझाई। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अमित मालवीय ने कहा कि बच्चों में जागरूकता किसी अन्य बच्चे के जीवन में सुरक्षा और उम्मीद ला सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया। जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और निशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर में बच्चों को मौलिक एवं विधिक अधिकारों, सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, न्यायाधीश चंद्रशेखर राठौर, एलके पारे, मोहन जाट, स्कूल शिक्षण समिति के अध्यक्ष डॉ. आरके पाटिल, उपाध्यक्ष संजय जैन, कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सचिव सुरेशचंद्र अग्रवाल, प्राचार्य भुवनेश्वरी पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्कूल शिक्षण समिति की ओर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी को शहर की ऐतिहासिक धरोहर घंटाघर का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। वहीं अन्य अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शक्ति राजवैद्य ने किया तथा आभार शिक्षिका मनीषा जैन ने व्यक्त किया।



