-रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ शुक्रवार को वीर तेजाजी चौक पर सर्वधर्म एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर नशा मुक्ति का संदेश दिया। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की जिला इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सभी धर्मों और समाजों के लोगों ने सहभागिता कर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम वीर तेजाजी चौक पर नशाखोरी के विरोध में सार्वजनिक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जो वीर तेजाजी चौक से एसडीएम कार्यालय तक पहुंची। यहां कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर हरदा को नशामुक्त बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में नशे के कारोबार को बढ़ावा देने और संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। अभियान में गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी आश्रम, रामचंद्र मिशन, इस्कॉन संस्था, गुरुद्वारा, कबीर ज्ञान आश्रम, दाऊदी बोहरा समाज, दारुल उलूम नूरी एजुकेशन सोसायटी, बजरंग सेना, कोशिश पर्यावरण सेवक टीम तथा गौ एवं गौशाला उत्थान समिति सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं सामाजिक संगठनों की ओर से गौर समाज, नर्मदीय ब्राह्मण समाज, गुर्जर समाज, स्वर्णकार समाज, सर्व ब्राह्मण समाज, बलाही समाज, यादव समाज, बिश्नोई समाज, राजपूत समाज, सिख समाज एवं विश्वकर्मा समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।



