अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत जनपद पंचायत सभागार में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था नवोदय आरोग्यम वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण में समिति सदस्यों को दस्तावेजों के संधारण, रजिस्टरों के नियमित रखरखाव एवं अद्यतन, जन अभियान एप पर गतिविधियों की जानकारी और फोटो अपलोड करने सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही मासिक बैठकों के नियमित आयोजन और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्राम के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान परामर्शदाता सुरेन्द्र सिंह चौहान ने प्रभावी संवाद कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेहतर संवाद के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों और शासकीय योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर जिला समन्वयक संदीप गौहर ने प्रशिक्षण में शामिल सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा, नवांकुर संस्था के सचिव प्रहलाद नागवे, संजय ठाटे सहित राजवंती कुशवाह, रचना हुरमाले, दीपक सोलंकी, माखन कीर, दीपांशु, राहुल मंसूरे एवं राधेश्याम विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
प्रस्फुटन समितियों को दिया क्षमता वर्धन का प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र वितरित



