अनोखा तीर, हरदा। सोमवार शाम वाल्मीकि जयंती पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा नगर पालिका परिसर से शुरू हुई और खेड़ीपुरा पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नेता शामिल हुए। खेड़ीपुरा में विशेष आरती की गई और प्रसाद बांटा गया। शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि के जीवन और देवी-देवताओं पर आधारित झांकियां सजाई गई थीं। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रही। यात्रा में अखाड़ों के युवाओं और बालिकाओं ने लाठी और दूसरे पारंपरिक करतब दिखाए। करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। युवाओं ने पारंपरिक हथियारों के साथ भी करतब दिखाए। घोड़े पर सवार समाज के वरिष्ठ सदस्य और महर्षि वाल्मीकि की चलित झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। गुरिल्ला डांस और रतलाम से आए हनुमानजी की प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान खींचा। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने नृत्य किया। समाजसेवी उपेंद्र कलोसिया ने बताया कि समाज के लोगों ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं पर चलने और समाज को एकजुट रखने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही।
वाल्मीकि जयंती पर निकली शोभायात्रा, झांकियां बनी आकर्षण

Text Size:
0 Views
What do you think?






