Skip to content
Monday, 26 October 2026
हरदा

आचार्य विद्यासागर जी की 81वीं जन्म जयंती पर होंगे धार्मिक आयोजन

2 min read
Text Size:

-गौसेवा कर दिया जीवदया का संदेश
-आज शांतिनाथ जैन मंदिर में 81 दीपकों से होगी महाआरती
-दयोदय गौशाला में गायों को खिलाए औषधियुक्त पौष्टिक लड्डू
अनोखा तीर, हरदा। परम पूज्य आचार्य भगवन 108 श्री विद्यासागर जी महाराज की 81वीं जन्म जयंती वर्ष एवं नवाचार्य श्री समयसागर जी महाराज के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में हरदा में धार्मिक आयोजनों के साथ गौसेवा कर संतों के अहिंसा, करुणा और जीवदया के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में मगरधा रोड स्थित दयोदय गौशाला में गायों को औषधियुक्त पौष्टिक लड्डू खिलाकर गौसेवा की गई, वहीं सोमवार, 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर खेड़ीपुरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भव्य धार्मिक  कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दयोदय गौशाला में आयोजित गौसेवा  कार्यक्रम में नगर के गोभक्तों एवं आचार्य श्री के अनुयायियों ने सहभागिता की। इस दौरान गायों को पौष्टिक आहार खिलाकर उनके स्वास्थ्य, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। दयोदय गौशाला के अध्यक्ष अनूप बजाज जैन ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जन्म जयंती वर्ष एवं नवाचार्य श्री समयसागर जी महाराज के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर गौसेवा का यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से समाज में करुणा, जीवदया और पशु संरक्षण की भावना मजबूत होती है।  कार्यक्रम दयोदय गौशाला परिवार एवं दयोदय पशुधन संरक्षण समिति, मगरधा रोड हरदा के सहयोग से आयोजित किया गया। इधर, शरद पूर्णिमा के अवसर पर 26 अक्टूबर को खेड़ीपुरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की 81वीं जन्म जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। समाज के कोषाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से महापूजा एवं गुरुभक्ति का आयोजन होगा, जबकि शाम 7.30 बजे 81 दीपकों से भव्य महाआरती की जाएगी। इस अवसर पर आचार्य श्री के त्याग, तपस्या, संयम और धर्ममय जीवन का स्मरण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए जाएंगे।  कार्यक्रम में परम पूज्य नवाचार्य श्री समयसागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका 105 श्री ज्ञानमती माताजी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भी श्रद्धा और विनयांजलि अर्पित की जाएगी। समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं मंत्री राहुल गंगवाल ने धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार  कार्यक्रम में शामिल होकर महापूजा एवं महाआरती में सहभागी बनने की अपील की है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply