
-आंगनवाड़ी केंद्र में फर्श पर बैठकर बच्चों से सुनी कविताएं
-धनपाड़ा में बैंच पर बैठकर ग्रामीणों को स्वामित्व रजिस्ट्री के बताए लाभ
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने रहटगांव में आयोजित जन विश्वास क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर के दौरान रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, तहसील कार्यालय एवं धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। रहटगांव में आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सत्यम ने केंद्र के फर्श पर बैठकर आंगनवाड़ी के बच्चों से आंगनवाड़ी की गतिविधियों पर चर्चा की, साथ ही उनसे कविताएं सुनकर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी में टीकाकरण एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज एंट्री की जानकारी ली। कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए किए जा रहे कार्य के संबंध में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को बिस्किट एवं फल भी वितरित किए। कलेक्टर ने ग्राम धनपाड़ा में पहुंचकर स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य हेतु संचालित कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैंच पर बैठकर स्वामित्व रजिस्ट्री के फायदों की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जाए। रहटगांव में तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम अव्यवस्थित पाए जाने पर प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय का निरीक्षण कर आसीएमएस में दर्ज प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि राजस्व मामलों से संबंधित प्राप्त शिकायतें सही मद में दर्ज की जाएं। राजस्व प्रकरणों की स्थिति के निरीक्षण के दौरान निराकरण की संतोषजनक स्थिति न मिलने पर एसडीएम को निर्देश दिए कि प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान उन्होंने लोक सेवा केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां की कार्य व्यवस्था देखी। रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की सार्थक एप पर उपस्थिति की जानकारी ली, साथ ही यहां मरीजों से भी चर्चा की। कलेक्टर ने समक्ष में यहां उपचार कराने आई रहटगांव की महिला नीलम वृंदावन की आभा आईडी तैयार करवाई। इस दौरान उन्होंने मरीजों को आयुष्मान भारत योजना की भी जानकारी दी एवं सभी पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने वन क्षेत्र होने के कारण यहां डिलेवरी पॉइंट की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण भी किया एवं भर्ती बच्चों के माता पिता से बच्चों के पोषण की स्थिति पर चर्चा की। भ्रमण के दौरान एसडीएम टिमरनी असवनराम चिरामन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।




