– प्रसव पीड़ा से परेशान महिला अस्पताल के गेट पर गिरी, महिला गार्ड व सफाईकर्मी ने कराया प्रसव
अनोखा तीर, हरदा। जिला अस्पताल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला अस्पताल के मुख्य गेट पर ही गिर गई। महिला की हालत को देखते हुए अस्पताल की महिला गार्ड और महिला सफाईकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए गेट पर ही उसका प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार कनारदा खारपा निवासी सरस्वती पति हरवान सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने जननी एक्सप्रेस के लिए फोन किया था, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके बाद खेत मालिक की कार से महिला को अस्पताल लाया गया। अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही महिला की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई और वह वहीं गिर पड़ी। इस दौरान महिला काफी देर तक गेट पर ही पड़ी रही। स्थिति को देखते हुए महिला गार्ड और महिला सफाईकर्मी ने आगे बढक़र मदद की और अस्पताल के गेट पर ही सुरक्षित प्रसव कराया। बताया जा रहा है कि यह महिला की पहली डिलीवरी थी। घटना के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं परिजनों ने समय पर जननी एक्सप्रेस उपलब्ध नहीं होने को लेकर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।







