जय सियाराम, जय हनुमान के जयकारों से गूंजा गणेश पंडाल

अनोखा तीर, हरदा। श्री भैरव बाबा गणेश उत्सव समिति बादर विहार कॉलोनी द्वारा गणेश उत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए हनुमान अंश फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया गया। भक्ति और आध्यात्मिकता पर आधारित इस फिल्म को देखने के लिए हरदा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गणेश पंडाल पहुंचे। समिति से जुड़े राम नेमा ने बताया कि कई साल पहले धार्मिक आयोजनों के दौरान बीसीआर पर फिल्म दिखाई जाती थी, उसी परंपरा के अनुरूप गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और बच्चों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक संदेश देने के उद्देश्य से फिल्म प्रदर्शन का आयोजन किया गया। फिल्म के दौरान पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और जय सियाराम, जय हनुमान के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। आयोजन के दौरान समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। फिल्म प्रदर्शन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिल्म का आनंद लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के नरेश बादर, अनिल बादर, सुनील शर्मा, शिवम बादर, मादिक रुनवाल, धीरज राजपूत, संस्कार बादर एवं अथर्व पालीवाल ने सहयोग प्रदान किया तथा आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश उत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक संदेश पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

0 Views

Leave a Reply