नशा मुक्ति एवं सेवा पखवाड़े में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

-अंशुल गोयल ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

अनोखा तीर, हरदा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारतÓ अभियान के अंतर्गत भीमराव अंबेडकर छात्रावास में नशा मुक्ति एवं सेवा पखवाड़ा आयोजित किया गया। पखवाड़े के दौरान छात्रावास के युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल ने की, जबकि छात्रावास अधीक्षक पुरुषोत्तम राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन माय भारत के आधिकारिक वॉलिंटियर शुभम ढोके ने किया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंशुल गोयल ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ ही मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल ने नशा मुक्ति एवं सेवा पखवाड़े की प्रस्तावना रखते हुए अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
पखवाड़े के दौरान कविता, पंजा लड़ाई, डांस एवं रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कविता प्रतियोगिता में रुद्रसिंह तोमर ने प्रथम तथा विकास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पंजा लड़ाई में सुरेश प्रथम और संजू द्वितीय रहे। वहीं डांस प्रतियोगिता में कृष्ण ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार रस्साकशी प्रतियोगिता में सुरेश की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अखिलेश धुर्वे की टीम द्वितीय रही। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने अपनी खेल प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
दिलाई नशामुक्ति की सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि अंशुल गोयल ने छात्रावास के विद्यार्थियों एवं उपस्थित स्वयंसेवकों को नशामुक्ति तथा राष्ट्र निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में माय भारत की ओर से शुभम ढोके ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर माय भारत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक शुभम ढोके, गौतम बैरागी, राकेश पिपलोद, कनक, लीशिका, राहुल, राज सहित छात्रावास के अन्य सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply